डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत निंबाहेड़ा कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 किलो 530 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही ब्रेजा कार को भी जब्त किया।
जानकारी के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएसपी सरिता सिंह और डीएसपी बद्रीलाल राव के सुपरविजन में थानाधिकारी रामसुमेर मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जलिया चेक पोस्ट पर नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान नीमच की ओर से आ रही एक संदिग्ध ब्रेजा कार को रुकवाया गया। पूछताछ में चालक ने खुद को कमल किशोर माली निवासी जैसलमेर बताया। पुलिस को वाहन पर संदेह होने पर तलाशी ली गई, जिसमें कार के अंदर रखी दो थैलियों से 3 किलो 530 ग्राम अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लेकर अफीम और वाहन जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद अफीम कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगातार सख्ती जारी रहेगी और तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Tags
Breaking News