सलूम्बर विद्युत पोल में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा

डीएस सेवन न्यूज सलूम्बर। जिले के सल्लाड़ा ग्राम में रविवार शाम एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब सालवी मोहल्ले के समीप स्थित खाली खेत बाड़े में अचानक आग भड़क उठी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विद्युत पोल में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण चिंगारी निकली, जिसने सूखी झाड़ियों और कचरे को अपनी चपेट में ले लिया।

तेज हवा चलने से आग तेजी से फैलने लगी और देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार छा गया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी तथा अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने में जुट गए।

ग्रामीणों की तत्परता के बीच पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। हेड कांस्टेबल हिम्मत सिंह ने टीम के साथ स्थिति संभाली, वहीं सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने दमकल की सहायता से आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के क्षेत्रों में भी नुकसान हो सकता था। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि नहीं हुई।

मौके पर गोविंद, जनक, नरेंद्रपुर सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे, जिन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय सहयोग दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post