पशु आहार की आड़ में ‘जहर’ की खेप, 5 क्विंटल डोडा चूरा के साथ पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 5 क्विंटल से ज्यादा अवैध डोडा चूरा जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में पंजाब के दो तस्करों को गिरफ्तार कर कंटेनर भी जब्त कर लिया।जानकारी के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज के निर्देशन में चल रहे “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी अभियान के तहत सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस हाईवे पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी।
नाकाबंदी के दौरान नीमच की ओर से आ रहे महाराष्ट्र पासिंग कंटेनर को रुकवाने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने पहले वाहन धीमा किया और फिर अचानक भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर कंटेनर को रोक लिया।
तलाशी लेने पर कंटेनर में पशु आहार के कट्टों के नीचे छिपाकर रखे गए 25 कट्टों में करीब 502 किलो 500 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी मध्यप्रदेश से पंजाब तक मादक पदार्थों की बड़ी खेप पहुंचा चुके हैं। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है।
सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस की यह लगातार तीसरी बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है, जिससे मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।