दर्दनाक हादसा : सवारियों से भरा टेंपो पलटा, एक की मौत, कई घायल
डीएस सेवन न्यूज बांसवाड़ा जिले के दानपुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नागाखली गांव के पास सवारियों से भरा एक टेंपो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना तेज था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार सभी यात्री छोटी सरवन बाजार से घरेलू सामान खरीदकर अपने गांव चंद्रोल लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में टेंपो चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही दानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से घायलों को टेंपो से बाहर निकालकर छोटी सरवन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया।
हादसे की सूचना पर डीएसपी गोपीचंद मीणा भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है।
Tags
Breaking News