मंदसौर में MD ड्रग्स तस्करी मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, कुख्यात सलमान शाह जेल भेजा गया
डीएस सेवन न्यूज मध्य प्रदेश मंदसौर में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत थाना शहर कोतवाली पुलिस ने एमडी ड्रग्स मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कुख्यात आरोपी सलमान शाह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।
थाना कोतवाली पुलिस ने दिनांक 07 मई 2026 को अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी इमरान पिता मौरगुल उर्फ बंटी पठान (25) निवासी ग्राम दावतखेड़ी, मंदसौर को गिरफ्तार किया था। आरोपी के कब्जे से 500 ग्राम एमडी ड्रग्स एवं 500 ग्राम अफीम बरामद की गई थी। मामले में थाना शहर कोतवाली पर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/18, 22, 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने आरोपी इमरान पठान का 7 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त कर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के नाम उजागर किए। जानकारी के आधार पर पुलिस ने पहले ही महावीर पिता रामसिंह चौहान (45) निवासी शनि विहार कॉलोनी तथा सादिक पिता शाकिर गढ़वी मुल्तानी (26) निवासी नरसिंहपुरा, मंदसौर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
इसी क्रम में पुलिस ने अब मामले के एक और आरोपी सलमान पिता अनवर शाह (29) निवासी श्रृंगार गली, मंदसौर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने हेतु प्रेषित किया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में अभी भी अनुसंधान जारी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सलमान शाह के खिलाफ पूर्व से मादक पदार्थ तस्करी, आर्म्स एक्ट तथा नाबालिग पीड़िता से दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में निरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह राठौर, थाना प्रभारी कोतवाली एवं थाना शहर कोतवाली मंदसौर की पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
Tags
Breaking News