नाकाबंदी में फंसी बोलेरो, 65 किलो डोडाचूरा के साथ तस्कर गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज मध्य प्रदेश मंदसौर में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अफजलपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में अवैध डोडाचूरा बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम कॉम्बिंग गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक बोलेरो वाहन में अवैध मादक पदार्थ भरकर सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हरीश मालवीय के नेतृत्व में टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें रखे चार कट्टों में करीब 65 किलो 700 ग्राम डोडाचूरा मिला। वाहन चालक ने पूछताछ में अपना नाम विशाल पिता मांगीलाल निवासी निघानिया बताया। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 1.24 लाख रुपये कीमत का डोडाचूरा और करीब 7 लाख रुपये कीमत की बोलेरो जब्त की है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उससे तस्करी नेटवर्क और सप्लायरों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोदकुमार मीना के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल व एसडीओपी कीर्ति बघेल के निर्देशन में की गई।
Tags
Breaking News