डीएस सेवन न्यूज मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में प्रेम प्रसंग का एक अनोखा मामला सामने आया, जहां गंजबासौदा क्षेत्र के ग्राम सिरावदा में 20 वर्षीय युवती अपने प्रेमी से शादी की जिद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई. चिलचिलाती धूप में युवती करीब दो घंटे तक टावर पर खड़ी रही और बार-बार यही कहती रही कि वह शादी करेगी तो सिर्फ अपने प्रेमी से ही करेगी.
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया. बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और युवती को नीचे उतारने की कोशिश करने लगे. लेकिन जैसे ही कोई व्यक्ति टावर पर चढ़ने का प्रयास करता, युवती और ऊपर चढ़ जाती या नीचे लटकने लगती, जिससे हालात और अधिक गंभीर हो गए.
मौके पर भीड़ लगातार बढ़ती गई और परिजन नीचे खड़े होकर युवती से उतरने की गुहार लगाते रहे, लेकिन युवती अपनी जिद पर अड़ी रही.
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवती ने पुलिस की बात मान ली और सुरक्षित टावर से नीचे उतर आई. इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई, जहां से उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.
Tags
Breaking News