चित्तौड़गढ़ से भरा था डोडा-चूरा, पुलिस को चकमा देने के लिए टैंकर का उपयोग, तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़े
डीएस सेवन न्यूज़ शाहपुरा। कोटड़ी थाना पुलिस ने बुधवार को फिल्म पुष्पा स्टाइल में की जा रही नशे की तस्करी का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने पानी के टैंकर में भरे गए एक करोड़ रुपए के डोडा-चूरा को जब्त किया है। मौके से पिता-पुत्र समेत तीन जनों को गिरफ्तार किया गया।
थानाप्रभारी महावीर प्रसाद को मुखबिर से सूचना मिली कि चित्तौड़गढ़ जिले से टैंकर में मादक पदार्थ तस्करी कर लाया जा रहा है। कोटड़ी क्षेत्र के गेहुली गांव के पास कंकरोलिया घाटी रोड पर आरबी माइन के सामने नाकाबंदी की गई। शंका के आधार पर टैंकर को रुकवाया गया। तलाशी लेने पर उसमें 35 कट्टों में 710 किलो 530 ग्राम डोडा-चूरा बरामद हुआ।
मौके से धनौरा चित्तौड़गढ़ निवासी रामचन्द्र शर्मा (52), उसका बेटा मोनू (33) व भगवानपुरा चित्तौड़गढ़ निवासी दिनेश कुमार गुर्जर (26) को गिरफ्तार किया गया। दिनेश तस्करी में टैंकर का चालक था। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ पांच लाख रुपए आंकी गई है।
टैंकर के आगे पुलिस की निगरानी के लिए एक कार चल रही थी, जिसे भी जब्त किया गया है। मुख्य आरोपी रामचन्द्र पूर्व में 65 किलोग्राम अफीम के प्रकरण में एनसीबी की कार्रवाई में पकड़ा जा चुका है और कई वर्षों तक जेल में रह चुका है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Tags
Breaking News