चित्तौड़गढ़ बस्सी थाना पुलिस और डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई: दूध टैंकर में 267 किलो डोडाचूरा जब्त 1 गिरफ्तार

बस्सी थाना पुलिस और डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई: दूध टैंकर में 267 किलो डोडाचूरा जब्त, एक गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़, 25 नवंबर। बस्सी थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने सोमवार सुबह की गई संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता हासिल की। जिले में अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के तहत चल रहे अभियान के दौरान पुलिस ने नाकाबंदी में एक दूध टैंकर से 267 किलो 400 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद किया। टीम ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि वाहन चालक फरार हो गया।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के निर्देशन और एएसपी चित्तौड़गढ़ सरिता सिंह तथा डीएसपी ग्रामीण शिवप्रकाश टेलर के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थानाधिकारी बस्सी चम्पाराम, पुलिस जाप्ता हैड कांस्टेबल विक्रमसिंह, कांस्टेबल मटूल, नन्दकिशोर, राजपाल और डीएसटी टीम के हैड कांस्टेबल भूपेंद्रसिंह, कांस्टेबल राजदीपसिंह, विक्रमसिंह, दीपक और सुरेंद्रपाल इस कार्रवाई में शामिल रहे।

नाकाबंदी के दौरान प्रतापपुरा रोड से आती एक बोलेरो पिकअप दूध टैंकर को संदिग्ध मानकर रोका गया। तलाशी में टैंकर के भीतर छुपाकर रखे गए 13 कट्टों में भरा 267 किलो 400 ग्राम अवैध डोडाचूरा मिला। पुलिस ने मौके से पिकअप में मौजूद 23 वर्षीय अनिल पुत्र करण सिंह बंजारा, निवासी कुवालिया का खेड़ा, थाना साडास, जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार कर लिया।

वहीं वाहन चालक दिनेश पुत्र लादुलाल जाट, निवासी कलुण्डिया, जिला भीलवाड़ा, मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है। बस्सी थाना पुलिस ने मामला एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

इस सफल कार्रवाई में डीएसटी टीम के कांस्टेबल राजदीपसिंह और विक्रम की विशेष भूमिका रही, जिनकी सतर्कता से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ पकड़ा जा सका।

Post a Comment

Previous Post Next Post