ट्रेन की चपेट में आने से एक की मौत, एक गंभीर घायल
डीएस सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़। घोसुंडा रेलवे ट्रैक पार करते समय सुबह दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें दादिया गांव निवासी एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया। जानकारी के अनुसार दादिया के देवीलाल पुत्र नंदराम कुमावत अपने रिश्तेदार घीसूलाल के साथ दादिया से घोसुंडा की ओर जा रहे थे। रास्ते में घोसुंडा रेलवे स्टेशन के पास स्थित अंडरब्रिज में पानी भरा होने के कारण दोनों ने ट्रैक पार करने का निर्णय लिया।
इसी दौरान अचानक ट्रेन आ गई और दोनों उसकी चपेट में आ गए। जोरदार टक्कर से देवीलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल अवस्था में पड़े घीसूलाल को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में उदयपुर रेफर कर दिया गया। हादसे में उनकी बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही गंगरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने हादसे के कारणों को लेकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंडरब्रिज में लंबे समय से पानी भरा रहता है, जिस वजह से लोग मजबूरन ट्रैक से गुजरते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है।
Tags
Breaking News