चित्तौड़गढ़ मंगलवाड़ थाना: मोटरसाइकिल व लौहे की चैन कुम्पी चोरी का आरोपी गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद

मोटरसाइकिल व लौहे की चैन कुम्पी चोरी का मामला: एक आरोपी गिरफ्तार, चोरी किया माल पुलिस ने बरामद किया
डीएस सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़। मोटरसाइकिल और लौहे की चैन कुम्पी चोरी करने के मामले में मंगलवाड़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया। आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल और चैन कुम्पी को बेचने की फिराक में था, तभी नाकाबंदी के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखने और आरोपियों की धरपकड़ के लिए एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन तथा डीएसपी बड़ीसादड़ी देशराज कुलदीप के पर्यवेक्षण में अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में थानाधिकारी मंगलवाड़ भगवानलाल की टीम—जिसमें एएसआई प्रेमनाथ, फुलचंद, कानि. टंवरसिंह, गजेन्द्र सिंह, सुभाष, बलराम और शंकरकृष्ण शामिल थे—द्वारा उदयपुर-चित्तौड़गढ़ नेशनल हाईवे के मंगलवाड़ बाईपास सर्विस रोड पर नाकाबंदी लगाई गई।

नाकाबंदी के दौरान एक बिना नंबर की हीरो मोटरसाइकिल पर सवार युवक संदिग्ध लगने पर रुकवाया गया। जांच में मोटरसाइकिल की टंकी पर रखे प्लास्टिक कट्टे में लौहे की चैन कुम्पी मिली। पूछताछ में वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह मोटरसाइकिल और चैन कुम्पी उम्मेदपुरा गांव के पास से चोरी कर लाया है और कीर की चौकी क्षेत्र में बेचने जा रहा था।

पुलिस ने मौके पर चोरी की मोटरसाइकिल और चैन कुम्पी जब्त कर आरोपी की पहचान 25 वर्षीय सतु पुत्र शम्भूलाल बावरी निवासी उम्मेदपुरा, थाना भादसौड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ के रूप में की। आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर चोरी का प्रकरण दर्ज किया गया। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।


Post a Comment

Previous Post Next Post