डीएस सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़। निम्बाहेड़ा कस्बे में फरवरी 2023 में हुए ट्रक चोरी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी के ट्रक के खरीददार महावीर पंडित को ब्यावर से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद पांच दिन का पुलिस रिमांड स्वीकृत हुआ है। वर्तमान में आरोपी पुलिस अभिरक्षा में है।
जानकारी के अनुसार 18 फरवरी 2023 को बडौली रोड स्थित ईश्क्काबाद मस्जिद के पास से नासिर खान पुत्र अहमद खान का अशोक लेलैंड ट्रेलर अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ले जाया गया था। इस संबंध में दर्ज रिपोर्ट पर मामले की जांच का जिम्मा कोतवाली निम्बाहेड़ा पुलिस थाने के एएसआई सूरज कुमार को सौंपा गया। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से प्राप्त सूचना के आधार पर पता चला कि ट्रेलर को रात के समय धर्मेंद्र उर्फ महेंद्र बंजारा और राजमल बंजारा दोनों निवासी गुरुतलाई मोरवन, थाना जावद जिला नीमच (मध्य प्रदेश) द्वारा चोरी कर ले जाया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में धर्मेंद्र उर्फ महेंद्र बंजारा और फिरोज को पूर्व में गिरफ्तार कर लिया था।
इसी मामले की कड़ियों को आगे जोड़ते हुए एएसआई सूरज कुमार के नेतृत्व में कांस्टेबल रणजीत, राकेश और देवेंद्र ने आरोपी फिरोज से पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि चोरी हुए ट्रक को महावीर पंडित निवासी पांसल ने खरीदा था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने महावीर पंडित की तलाश शुरू की। बीते छह महीनों में पुलिस टीम ने गुड़गांव, लखनऊ, बांसवाड़ा, तिजारा (अलवर), फरीदाबाद (हरियाणा) सहित कई संदिग्ध स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। लगातार तलाश के बाद आरोपी महावीर पंडित को ब्यावर से डिटेन कर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी महावीर पंडित पर चोरी के ट्रकों की खरीद-फरोख्त, धोखाधड़ी, मारपीट और लूट सहित दर्जनभर से अधिक प्रकरण दर्ज हैं। इन मामलों में वह विभिन्न जिलों में वांछित भी चल रहा है। उसके खिलाफ कोतवाली बांसवाड़ा, फरीदाबाद हरियाणा, ब्यावर सदर तथा सदर भीलवाड़ा थानों में भी चोरी के ट्रक खरीदने और धोखाधड़ी से जुड़े केस दर्ज हैं।
निम्बाहेड़ा पुलिस का कहना है कि रिमांड अवधि में आरोपी से चोरी श्रृंखला, खरीद-फरोख्त नेटवर्क और अन्य शामिल लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान इस मामले से जुड़े और लिंक सामने आ सकते हैं, जिससे चोरी के ट्रकों की सप्लाई की पूरी चेन का खुलासा किया जा सकेगा।
Tags
Breaking News