गंगरार: सर्विस रोड के गड्ढे बन रहे हादसों का कारण, बाइक सवार दम्पति गिरा—महिला गंभीर घायल
डीएस सेवन चित्तौड़गढ़ गंगरार। क्षेत्र में निर्माणाधीन ओवरब्रिज का काम लगातार देरी का शिकार हो रहा है, जिसका सीधा असर सर्विस रोड की हालत पर दिखाई दे रहा है। जगह–जगह बड़े-बड़े गड्ढे और उखड़ी हुई सड़क अब हादसों का स्थायी कारण बनती जा रही है। सोमवार को इसी बदहाल सर्विस रोड ने एक और गंभीर दुर्घटना को जन्म दे दिया।
भीलवाड़ा की संजय कॉलोनी में रहने वाले सतीश शर्मा अपनी पत्नी कृष्णा देवी के साथ बाइक पर सवार होकर दादिया इलाके में रिश्तेदार को शादी का निमंत्रण देने आए थे। वापस लौटते समय दादिया चौराहे के पास सर्विस रोड पार करते हुए उनकी बाइक अचानक सड़क में बने गहरे गड्ढे में फंस गई। संतुलन बिगड़ने पर दोनों सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक वाहन ने कृष्णा देवी को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनका पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर ही वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और घायल महिला को गंगरार चिकित्सालय पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति गंभीर बताते हुए उन्हें बड़े अस्पताल रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज निर्माण की शुरुआत से ही सर्विस रोड की देखरेख जैसे ठप पड़ गई है। पिछले कई महीनों से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे पड़े हैं, लेकिन ठेकेदार और संबंधित एजेंसियों ने कभी भी इसके सुधार पर गंभीरता नहीं दिखाई। लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं, ऐसे में गड्ढों के कारण न केवल दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं बल्कि दिनभर जाम की स्थिति भी बनी रहती है।
घटना की जानकारी सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर फैलते ही ठेकेदार की नींद खुली और आनन-फानन में गड्ढों को भरवाने का काम शुरू किया गया। लेकिन नागरिकों का कहना है कि हादसे के बाद ऐसा अस्थायी काम करना सिर्फ दिखावा है, स्थायी समाधान अब भी नहीं दिख रहा।
ग्रामीणों ने कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि ओवरब्रिज का काम कछुआ चाल से भी धीरे चल रहा है, जबकि लोगों की जान रोज दांव पर लगी हुई है। उन्होंने जिला प्रशासन, पीडब्ल्यूडी और निर्माण एजेंसी से मांग की है कि सर्विस रोड को तत्काल दुरुस्त किया जाए, अन्यथा यह मार्ग गंभीर हादसों का गढ़ बनकर क्षेत्र की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन जाएगा।
Tags
Breaking News