उदयपुर सब्जियों की आड़ में अवैध अंग्रेजी शराब तस्करी का भंडाफोड़ पिकअप जब्त की

सब्जियों की आड़ में अवैध अंग्रेजी शराब तस्करी का भंडाफोड़

सुखेर पुलिस ने 5 लाख रुपए की शराब से भरी पिकअप जब्त की
डीएस सेवन न्यूज़ उदयपुर। जिले में अवैध शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुखेर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने देर रात की कार्रवाई में सब्जियों की आड़ में अंग्रेजी शराब की भारी खेप ले जा रही एक पिकअप को पकड़कर तस्करी के नेटवर्क पर चोट की है। अनुमान लगाया जा रहा है कि जब्त की गई शराब की कीमत करीब 5 लाख रुपए है।

सूत्रों से मिली पुख्ता सूचना के बाद सुखेर थाना पुलिस की टीम 25 नवंबर की रात चिरवा टनल क्षेत्र में सक्रिय हुई। सूचना के अनुसार नाथद्वारा दिशा से एक संदिग्ध पिकअप आने की जानकारी मिली थी। टीम जब मौके पर पहुंची तो देखा गया कि RJ 21 GF 1244 नंबर की पिकअप सड़क किनारे पलटी हुई अवस्था में मिली। वाहन के ऊपर प्लास्टिक की पाल बिछाई गई थी, जिसके नीचे मुली की सब्जियों के बीच शराब के कार्टन को बड़ी चतुराई से छिपाया गया था। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

वाहन को साइट से हटाने के लिए क्रेन मंगवाकर उसे थाने पहुंचाया गया। इसके बाद विस्तृत तलाशी ली गई, जिसमें विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब और बीयर के कई कार्टन बरामद हुए। पुलिस ने वाहन व शराब को जब्त कर राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी रविन्द्र सिंह चारण, स.उ.नि. केशर सिंह, स.उ.नि. खुमाण सिंह, कानि. तरुण (2172) तथा कानि. भगवती लाल (2139) शामिल रहे। टीम की सतर्कता व तत्परता के कारण तस्करों की बड़ी सप्लाई पकड़ी गई।

सुखेर थाना पुलिस की यह कार्रवाई अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस तरह सब्जियों के बीच शराब छिपाकर ले जाने के बढ़ते मामलों को देखते हुए चेकिंग और सख्त की जाएगी, ताकि ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।


Post a Comment

Previous Post Next Post