औरंगजेब को कुशल प्रशासक बताने वाली कुलगुरु का इस्तीफा स्वीकार, 2 महीनों से छुट्टी पर थीं
डीएस सेवन न्यूज़ उदयपुर की मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी की कुलगुरु प्रोफेसर सुनीता मिश्रा का इस्तीफा गुरुवार को राज्यपाल हरिभाऊ किशनराव बागडे ने स्वीकार कर लिया। वे पिछले दो महीनों से लगातार छुट्टी पर थीं और इसी अवधि में उनके बयान को लेकर प्रदेशभर में विवाद गहराता गया। औरंगजेब को कुशल प्रशासक बताने वाले कथन के बाद विद्यार्थियों के साथ ही कई सामाजिक संगठनों ने विरोध तेज कर दिया।
उदयपुर ही नहीं, चित्तौड़गढ़ में भी विरोध प्रदर्शन देखने को मिले। वहीं, कुछ अन्य जिलों में भी लोगों ने इस बयान पर आक्रोश जताया। यूनिवर्सिटी परिसर में विद्यार्थियों ने कई बार जमकर हंगामा किया, जिसके कारण प्रशासनिक कार्य भी प्रभावित हुए। विरोध की स्थिति लगातार बढ़ती गई और माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
इस बीच, राजभवन की ओर से जारी आधिकारिक पत्र में बताया गया कि कुलगुरु के खिलाफ मिली शिकायतों की जांच संभागीय आयुक्त (उदयपुर) की कमेटी कर रही है। समिति अपनी रिपोर्ट तैयार कर रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। इस्तीफा स्वीकार होने के बाद अब विश्वविद्यालय प्रशासन अगले चरण की प्रक्रिया पर काम करेगा।
Tags
Breaking News