गोवंश तस्करी के पुराने मामले में 11 साल से फरार आरोपी को पुलिस ने दबोचा
डीएस सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़, 27 नवम्बर कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने गोवंश तस्करी के एक पुराने प्रकरण में करीब 11 वर्षों से फरार चल रहे वांछित आरोपी मोहम्मद निसार कुरैशी को लंबी तलाश के बाद एमपी के नीमच शहर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह कार्रवाई लगातार प्राप्त हो रही सूचनाओं और टीम की सतर्कता के आधार पर की।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि उदयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन सुदर्शन चक्र’ के तहत जिले के ऐसे अपराधियों की तलाश तेज की गई थी, जो वर्षों से फरार चल रहे हैं। इसी निर्देश को आगे बढ़ाते हुए एएसपी सरिता सिंह और डीएसपी निम्बाहेड़ा बद्रीलाल राव के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई।
थानाधिकारी कोतवाली निम्बाहेड़ा रामसुमेर मीणा (पु.नि.) के निर्देश पर एएसआई सूरज कुमार के नेतृत्व में कांस्टेबल वीरेंद्र, सुमित, राकेश और देवेंद्र को आरोपी की तलाश में लगाया गया। टीम ने 2013 के गोवंश परिवहन प्रकरण से जुड़े रिकॉर्ड, पुरानी लोकेशन और हाल के इनपुट का अध्ययन किया। मुखबिर से प्राप्त सटीक जानकारी पर टीम ने मध्यप्रदेश के नीमच सिटी के माधवगंज मोहल्ला क्षेत्र में दबिश दी, जहां से आरोपी मोहम्मद निसार (50 वर्ष) पुत्र अब्दुल रशीद कुरैशी को डिटेन कर बाद में विधिसम्मत कार्रवाई के तहत गिरफ्तार किया गया।
इस कार्रवाई में जिला नीमच की थाना साइबर सेल के हेड कांस्टेबल आदित्य गौड़ और कांस्टेबल सोनेंद्र सिंह राठौर का सहयोग भी विशेष रूप से महत्वपूर्ण रहा। पुलिस अब मामले में आगे की पड़ताल कर रही है ताकि 2013 में दर्ज इस मामले से जुड़े शेष पहलुओं को भी स्पष्ट किया जा सके।
Tags
Breaking News