बिना दुल्हन के लौटी बारात 7 फेरे लिए, डीजे पर नाची विदाई से पहले हो गई फुर्र..

शादी की रस्में पूरी, विदाई से पहले दुल्हन रहस्यमयी तरीके से गायब! दूल्हा खाली हाथ लौटा, पुलिस में मामला दर्ज
बाराबंकी (उत्तर प्रदेश)। बाराबंकी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी की सभी रस्में पूरी होने के बावजूद विदाई से ठीक पहले दुल्हन अचानक रहस्यमयी तरीके से लापता हो गई। देर रात तक चली खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो मजबूरन दूल्हा और बाराती बिना दुल्हन के ही वापस लौट गए। मामले में दूल्हे पक्ष ने दुल्हन के परिजनों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के बंकी कस्बे का है। यहां बंशीलाल गौतम की बेटी पल्लवी की शादी घुंघटेर थाना क्षेत्र निवासी सुनील गौतम के साथ तय हुई थी। मंगलवार रात बारात धूमधाम से पहुंची, बारातियों का स्वागत हुआ, द्वारपूजा की रस्में पूरी की गईं और देर रात सात फेरों के साथ विवाह संपन्न हुआ। शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन ने मंच पर जयमाल कार्यक्रम में डांस भी किया।

दूल्हे सुनील कुमार के अनुसार, शादी में कोई कमी न रहे इसके लिए उन्होंने अपनी तीन बीघे जमीन 1.60 लाख रुपये में गिरवी रखकर दुल्हन के लिए जेवर बनवाए थे। शादी में करीब 90 बाराती 11 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे थे।

विवाह की रस्में पूरी होने के बाद जब विदाई की तैयारी चल रही थी, तभी दुल्हन अचानक गायब हो गई। परिवारवालों ने रिश्तेदारों के घरों व आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। शक होने पर दूल्हा पक्ष ने दुल्हन के परिजनों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि दुल्हन का गायब होना अब भी रहस्य बना हुआ है।


Post a Comment

Previous Post Next Post