गुजरात के मेहसाणा में हुई सोने-चांदी की चोरी का वांछित आरोपी निंबाहेड़ा से गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़, 27 नवम्बर। गुजरात के मेहसाणा जिले में करीब एक साल पहले हुई सोने-चांदी के जेवरात की चोरी के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे आरोपी नरेंद्र कंजर को कोतवाली निंबाहेड़ा थाना पुलिस ने निंबाहेड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसे आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए क्राइम ब्रांच मेहसाणा की टीम को सिपुर्द किया गया है।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि उदयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा संचालित विशेष अभियान ऑपरेशन सुदर्शन चक्र के तहत जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए सभी थाना प्रभारियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में कोतवाली निंबाहेड़ा पुलिस को सूचना मिली कि मेहसाणा जिले के वीजापुर थाना क्षेत्र में वर्ष 2024 में दर्ज चोरी के एक मामले में नामजद आरोपी नरेंद्र कंजर निंबाहेड़ा थाना सर्कल में देखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने पूरी जांच-पड़ताल शुरू की।
सूचना मिलते ही एएसपी सरिता सिंह व डीएसपी निंबाहेड़ा बद्रीलाल राव के निर्देशन में कोतवाली के थानाधिकारी रामसुमेर मीणा ने टीम गठित की। एएसआई सूरज कुमार के नेतृत्व में कांस्टेबल वीरेंद्र, सुमित, ज्ञान प्रकाश और देवेंद्र को मिलाकर एक विशेष टीम तैयार की गई, जिसे आरोपी की लोकेशन की पुष्टि कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। टीम ने मुखबिर से मिली जानकारी को परखा और आरोपी के छिपे होने की जगह का पता लगाया।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर 32 वर्षीय नरेंद्र पुत्र कालू कंजर निवासी विजयपुर जिला चित्तौड़गढ़ को शांतिपूर्ण तरीके से डिटेन कर लिया। आरोपी पर आरोप है कि उसने वीजापुर क्षेत्र में घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए थे, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए गुजरात की क्राइम ब्रांच भी काफी समय से प्रयासरत थी।
निंबाहेड़ा पुलिस ने आरोपी को पकड़े जाने के बाद उससे प्राथमिक पूछताछ की तथा मामले से संबंधित आवश्यक दस्तावेज पूरे किए। इसके बाद आरोपी नरेंद्र कंजर को विधि अनुसार कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच मेहसाणा की टीम को सुपुर्द कर दिया गया, ताकि आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया गुजरात में पूरी की जा सके।
निंबाहेड़ा थाना पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में चल रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वांछित अपराधियों की धरपकड़ आगे भी लगातार जारी रहेगी और इस तरह की कार्रवाइयों से फरार आरोपियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
Tags
Breaking News