निंबाहेड़ा में उपखंड अधिकारी विकास पंचोली की अध्यक्षता में शांति समिति एवं सुरक्षा को लेकर अहम बैठक आयोजित
DS7 News Network | निंबाहेड़ा
डीएस 7 न्यूज निंबाहेड़ा पंचायत समिति सभागार में आज उपखंड अधिकारी विकास पंचोली की अध्यक्षता में शांति समिति, सीएलजी, सुरक्षा सखी, व्यापार संघों एवं पत्रकारों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा जागरूकता, आपदा प्रबंधन एवं नागरिक जिम्मेदारियों को लेकर दिशा-निर्देश देना रहा।
बैठक में जानकारी दी गई कि निंबाहेड़ा उपखंड क्षेत्र में आज रात्रि 11:00 बजे से 11:15 बजे तक स्वैच्छिक ब्लैकआउट रखा गया है। यह मॉक ड्रिल भारत सरकार के निर्देशानुसार ऑपरेशन अभ्यास के अंतर्गत किया जा रहा है। इसके तहत हर नागरिक को 15 मिनट के लिए अपने घरों की सभी लाइटें बंद रखनी होंगी
ब्लैकआउट से पूर्व अलर्ट के तौर पर रात्रि 10:55 बजे सायरन बजाया जाएगा। यह अभ्यास देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों से अवगत कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
एसडीएम पंचोली ने आमजन से अपील की कि वे सरकार द्वारा समय-समय पर जारी एडवाइजरी का पालन करें और सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह या देश विरोधी सामग्री साझा न करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों को सिविल डिफेंस की आवश्यक जानकारी होना जरूरी है, ताकि वे न सिर्फ अपनी बल्कि दूसरों की भी सुरक्षा कर सकें।
बैठक में सभी वर्गों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
DS7 News Network आपसे अपील करता है – सतर्क रहें, जागरूक रहें और देशहित में अपनी भागीदारी निभाएं।
Tags
Breaking News