निंबाहेड़ा में बस रूट में बड़ा बदलाव, अब नए मार्गों से चलेंगी बसें
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिया गया अहम निर्णय, ट्रांसपोर्टर्स और अधिकारियों की रही मौजूदगी
DS7 News Network | निंबाहेड़ा
डीएस 7 न्यूज निंबाहेड़ा में मंगलवार को सड़क सुरक्षा को लेकर एक अहम बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कई बड़े फैसले लिए गए। उपखंड अधिकारी विकास पंचोली की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जिला परिवहन अधिकारी, पुलिस उप अधीक्षक, तहसीलदार, जन प्रतिनिधि, पीडब्ल्यूडी, ट्रैवल्स एसोसिएशन, ऑटो यूनियन व निजी बस एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में मुख्य रूप से निंबाहेड़ा से होकर गुजरने वाली बसों के मार्ग में बदलाव करने का निर्णय लिया गया, ताकि शहर में यातायात का दबाव कम हो सके और सड़क सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।
चित्तौड़गढ़ मार्ग की बसों का नया रूट
अब चित्तौड़गढ़ की ओर जाने वाली निजी एवं सरकारी बसें शेखावत सर्कल से अहिंसा सर्कल होते हुए साकरिया चौराहा से अपने निर्धारित मार्ग पर चलेंगी। पहले ये बसें बस स्टैंड, नवीन न्यायालय, जे.के. चौराहा और वंडर सर्कल होते हुए गुजरती थीं।
नीमच मार्ग की बसों में भी बदलाव
नीमच की दिशा से आने-जाने वाली बसें अब शेखावत सर्कल से छोटीसादड़ी मार्ग होते हुए कच्ची बस्ती और मड्डा चौराहा से अपने गंतव्य की ओर बढ़ेंगी। पहले ये बसें शहर के भीतरी हिस्सों जैसे इंदिरा कॉलोनी, कासोद दरवाजा, दशहरा मैदान और अंबा नगर से होकर जाती थीं।
प्रशासन का कहना है कि ये बदलाव आमजन की सुविधा और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं। जल्द ही इन नए रूट्स की जानकारी को लेकर प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
DS7 News Network पर बने रहें, शहर की हर जरूरी खबर सबसे पहले पाने के लिए।
Tags
Breaking News