जयपुर के एसएमएस स्टेडियम को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर तैनात
डीएस 7 न्यूज जयपुर राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित एसएमएस स्टेडियम को गुरुवार सुबह एक ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई, जिससे हड़कंप मच गया। यह धमकी राज्य क्रीड़ा परिषद को भेजे गए एक मेल के जरिए दी गई। ईमेल में लिखा गया था— "ऑपरेशन सिंदूर के सफल होने के बाद अब एसएमएस स्टेडियम को बम से उड़ाया जाएगा।"
खेल परिषद के अध्यक्ष नीरज के. पवन ने बताया कि यह मेल सुबह 9:13 बजे प्राप्त हुआ था। कर्मचारियों द्वारा मेल देखने के बाद तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। स्टेडियम को खाली करवा लिया गया और एडिशनल पुलिस कमिश्नर कुंवर राष्ट्रदीप, डीसीपी साउथ दिगंत आनंद सहित पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। बम निरोधक दस्ता, क्यूआरटी टीम और डॉग स्क्वॉड ने स्टेडियम परिसर और आसपास के क्षेत्र की गहन तलाशी ली।
अब तक किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा की दृष्टि से स्टेडियम को पूरी तरह सील कर दिया गया है। वहीं, पुलिस साइबर सेल के जरिए मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुट गई है।
Tags
Breaking News