बेगूं में बेमौसम बारिश से जनजीवन प्रभावित, किसानों और समारोहों को नुकसान

बेगूं में बेमौसम बारिश से जनजीवन प्रभावित, किसानों और समारोहों को नुकसान
डीएस 7 न्यूज  बेगूं गुरुवार दोपहर से शुरू हुई बारिश ने बेगूं क्षेत्र में जनजीवन को प्रभावित कर दिया। दोपहर में आधे घंटे तक तेज बारिश हुई, जिसके बाद शाम तक हल्की फुहारें जारी रहीं। बादलों की तेज गर्जना के साथ हुई बारिश के चलते पुराने बस स्टैंड पर पानी भर गया।

मौसम में आई इस अचानक बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। गर्मी से लोगों को राहत मिली और ठंडी हवाएं चलने लगीं। लेकिन बारिश के चलते सड़कों पर जगह-जगह जलजमाव हो गया, जिससे आवाजाही में दिक्कतें आने लगीं।

शादी समारोहों और अन्य कार्यक्रमों पर भी इस बारिश का असर पड़ा। टेंट और बिछात भीग गए, जिससे कार्यक्रमों की व्यवस्थाएं अस्त-व्यस्त हो गईं। मेहमानों और आमंत्रितों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

किसानों के लिए यह बारिश नुकसानदायक साबित हुई। खेतों और बाड़ों में मवेशियों के लिए रखी गई घास और खांखला भीग गया, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया।

— DS7 NEWS NETWORK

Post a Comment

Previous Post Next Post