41.28 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, डिजायर कार भी जब्त

41.28 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, डिजायर कार भी जब्त
डीएस सेवन न्यूज मध्य प्रदेश मन्दसौर जिले के थाना शामगढ़ पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी बबलुसिंह के कब्जे से 41.28 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, जिसकी कीमत 23,760 रुपये है, जब्त की है। साथ ही आरोपी के कब्जे से एक सफेद रंग की मारुति सुजुकी डिजायर कार क्रमांक MP 14 ZM 7090, जिसकी कीमत लगभग 7 लाख रुपये है, को भी जब्त किया गया है।

पुलिस अधीक्षक मंदसौर श्री विनोद कुमार मीणा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (गरोठ) श्रीमती हेमलता कुरील एवं एसडीओपी सीतामऊ श्री दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शामगढ़ उप निरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस टीम ने ग्राम छायन से टकरावद जाने वाले मार्ग पर रिलेक्स पाइन्ट ढाबे के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा।

घटना के अनुसार 04 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सफेद रंग की डिजायर कार में अवैध शराब की पेटियां लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और आरोपी बबलुसिंह पिता रणजीतसिंह सौंधिया राजपूत, उम्र 29 वर्ष निवासी ग्राम छायन को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान कार में 2 पेटी किंगफिशर बियर एवं 2 पेटी रॉयल स्टेग व्हिस्की बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 41.28 लीटर पाई गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध धारा 34 आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय, उप निरीक्षक रविन्द्र प्रताप डांगी, प्रधान आरक्षक प्रदीप पानेरी, आरक्षक प्रेम रावत सहित पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।

DS7NEWS NETWORK Madhya Pradesh Mandsaur

Post a Comment

Previous Post Next Post