सलूंबर जिला SIR-2026 में राज्य में प्रथम: 100% डिजिटाइजेशन कर बनाया रिकॉर्ड

सलूंबर जिला SIR-2026 में राज्य में प्रथम: 100% डिजिटाइजेशन कर बनाया रिकॉर्ड

डीएस सेवन न्यूज़ सलूंबर, 29 नवंबर। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) के तहत सलूंबर जिले ने एक बार फिर प्रशासनिक दक्षता और टीम भावना का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन के मार्गदर्शन तथा जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना के नेतृत्व में विधानसभा क्षेत्र 156–सलूंबर ने मतदाता सूचियों का 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन तय समय से पहले पूरा कर राजस्थान में पहला स्थान हासिल किया।

इस उपलब्धि को संभव बनाने में बीएलओ, सुपरवाइजर, एईआरओ, तकनीकी टीम और स्थानीय प्रशासन का संयुक्त प्रयास प्रमुख रहा। जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना और उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश राय सापेला ने सभी टीम सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता सूक्ष्म योजना, निरंतर फील्ड मॉनिटरिंग और डिजिटल संसाधनों के प्रभावी उपयोग का परिणाम है।

अभियान के दौरान मतदाताओं को विभिन्न माध्यमों—हेल्पलाइन, कॉल सेंटर, पंचायत स्तर पर बैठकों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और स्वीप गतिविधियों के जरिए जागरूक किया गया। समय पर दस्तावेज सत्यापन और ऑनलाइन अपडेट सुनिश्चित करने के लिए बीएलओ को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए, जिनका उन्होंने ईमानदारी से पालन किया।

लक्ष्य समय से पहले पूरा होने पर निर्वाचन कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बीएलओ और कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सलूंबर जिले की यह उपलब्धि भविष्य के चुनावी व्यवस्थापन के लिए एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर उभर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post