चित्तौड़गढ़ यूरिया वितरण में सख्ती: बड़ीसादड़ी में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, एक लाइसेंस निलंबित

चित्तौड़गढ़ में यूरिया वितरण पर सख्ती: कृषि विभाग की टीम ने बड़ीसादड़ी में की औचक कार्रवाई
डीएस सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़। जिले में यूरिया की सीमित उपलब्धता को देखते हुए कृषि विभाग ने उर्वरक वितरण व्यवस्था पर निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में जिला कलक्टर के निर्देश पर कृषि अधिकारी गोपाल धाकड़ ने बड़ीसादड़ी क्षेत्र में खाद-बीज दुकानों का औचक निरीक्षण किया। विभाग का उद्देश्य किसानों तक खाद की समान और पारदर्शी आपूर्ति सुनिश्चित करना है।

निरीक्षण के दौरान टीम ने कृष्णा एंटरप्राइजेज, कृष्णा बीज भंडार और भाणुजा सहकारी समिति, भाणुजा की दुकानों की विस्तृत जांच की। अधिकांश स्थानों पर वितरण व्यवस्था संतोषजनक मिली, लेकिन कृष्णा एंटरप्राइजेज, बड़ीसादड़ी में अनियमितताएं सामने आईं। नियमों के उल्लंघन पर दुकान संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

इसी निरीक्षण में एक बड़ा मामला तब सामने आया जब सांवरिया बीज भंडार, बड़ीसादड़ी द्वारा बिना पूर्व सूचना दिए नंगाखेड़ी फार्मर प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड, बोहेड़ा रोड के परिसर से उर्वरक वितरण किया जा रहा था। यह कार्रवाई उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 का स्पष्ट उल्लंघन मानी गई। कृषि अधिकारी की अनुशंसा पर संबंधित विक्रेता का उर्वरक अनुज्ञा पत्र अगली कार्रवाई तक निलंबित कर दिया गया है।

कृषि विभाग ने जिले के सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि वे किसानों से केवल जमाबंदी व आधार कार्ड देखकर ही निर्धारित दरों पर खाद उपलब्ध कराएँ। साथ ही विक्रेताओं को चेतावनी दी गई है कि यूरिया के साथ अन्य उत्पाद अनिवार्य रूप से थोपने या अतिरिक्त वस्तुएँ बेचने का प्रयास न करें। ऐसा करने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

किसानों की सुविधा और समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विभाग आने वाले दिनों में निरीक्षण और भी सख्त करने की तैयारी में है।

Post a Comment

Previous Post Next Post