अवैध कब्जा हटाने पहुँची वन विभाग टीम पर फायरिंग, हमलावर मौके से फरार
डीएस सेवन न्यूज़ उदयपुर फुलवारी की नाल वन क्षेत्र के अंबासा इलाके में शनिवार दोपहर अवैध कब्जा हटाने पहुँची वन विभाग की टीम पर अज्ञात लोगों ने फायरिंग कर दी। गोली वन विभाग की कार के बोनट को छूती हुई आगे निकल गई। टीम के सदस्य मौके से सुरक्षित निकल गए और विभागीय अधिकारियों व पानरवा पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम और वन विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर पहुँचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वन भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जे हैं, जिनको हटाने की कार्रवाई लगातार चल रही है। विभाग का कहना है कि कब्जाधारियों का प्रतिरोध समय-समय पर सामने आता रहा है।
पानरवा थानाधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों की पहचान किए जाने के बाद आगे गिरफ्तारियाँ की जाएँगी।
गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में कुछ दिन पहले वन विभाग की टीम को धमकाया गया था, जिसके बाद पुलिस ने करीब 19 लोगों को हिरासत में लिया था। इसके बावजूद अवैध कब्जे हटाने में विभाग को कठिनाइयाँ झेलनी पड़ रही हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार पहाड़ी व जंगल क्षेत्र होने की वजह से कई परिवारों ने वन भूमि पर अनधिकृत रूप से डेरा डाल रखा है। विभाग का कहना है कि कार्रवाई जारी है और भूमि को कब्जामुक्त कराने के प्रयास आगे भी चलते रहेंगे।
Tags
Breaking News