उदयपुर में दिनदहाड़े घर में घुसा नशेडी, चार साल की बच्ची से छेड़छाड़, बच्ची के चीखने पर जागे पिता ने जमकर की आरोपी की धुनाई

उदयपुर दिनदहाड़े घर में घुसकर 4 साल की बच्ची से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। एक नशेड़ी सोमवार को एक घर में घुसा और सोती बच्ची से छेड़छाड़ की। बच्ची के शोर मचाने पर पिता जागे और आरोपी की धुनाई कर दी। तभी गश्त कर रही कालिंका टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को दबोचकर पुलिस को सौंप दिया। आरोपी घर में घुसते हुए कैमरे में भी रिकॉर्ड हो गया।

मामला हिरणमगरी थाने में दर्ज हुआ है। इसके मुताबिक बच्ची की मां दोपहर 3 बजे बेटे को लेने ट्यूशन क्लास गई थी। नाइट ड्यूटी से आए पिता सो रहे थे। पास ही बच्ची भी सोई थी। मां के जाने के बाद सेक्टर-3 निवासी दशरथ चौहान नशे में इस घर में घुसा और फिर सोती हुई बच्ची से छेड़छाड़ की। बच्ची और खुद के कपड़े उतार दिए। वह दुष्कर्म के प्रयास में था। एकाएक जागी बच्ची रोने लगी। यह सुनकर पिता भी उठ गए और आरोपी को पकड़ लिया। उसकी धुनाई करते हुए बाहर लाए। आस-पास के लोग भी इकट्ठा हो गए।

इतने में गश्त कर रही कालिंका टीम की कांस्टेबल भावना कुंवर, अनिता कुमारी और कल्पना कुमारी पहुंची। उन्होंने आरोपी को पकड़ा और हिरणमगरी थाना पुलिस को सौंप दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post