चित्तौड़गढ़ बेग के चीरा लगा रुपये चोरी करने के मामले में वांछित 2 ईनामी महिला गिरफ्तार

बैंग में बैग का चीरा लगाकर एक लाख रुपये चोरी करने वाली दो ईनामी महिला आरोपी गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़, 29 नवम्बर। रावतभाटा थाना पुलिस ने बैग का चीरा लगाकर बैंक में जमा कराने लाए रुपये चोरी करने के मामले में लंबे समय से वांछित चल रही दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों महिलाओं पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था।

मामला 4 जुलाई 2025 का है, जब चारभुजा थाना रावतभाटा निवासी मांगीलाल शर्मा अपनी पत्नी के साथ बैंक ऑफ बड़ौदा, झालरबावड़ी शाखा में एक लाख रुपये जमा कराने पहुंचे थे। बैंक में पर्ची भरने के दौरान उन्हें अचानक थैले में रखी राशि गायब मिली। बैग की जांच करने पर थैले पर बीच में चीरा लगा हुआ पाया गया, जिससे स्पष्ट था कि किसी शातिर बदमाश ने भीड़ का फायदा उठाकर बैग पर कट लगाकर रकम निकाल ली। मामले का अनुसंधान एएसआई भैरूलाल द्वारा किया जा रहा था।

उदयपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस के आदेश पर चलाए जा रहे अभियान सुदर्शन चक्र के तहत सभी वांछित अपराधियों की धरपकड़ के निर्देश थे। इसी क्रम में एएसपी रावतभाटा भगवतसिंह हिंगड़ और डीएसपी शंकरलाल मीणा के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी रायसलसिंह पुनि ने एक विशेष टीम तैयार की। टीम में हैड कांस्टेबल हनुमान, कांस्टेबल दानवीर व महिला कांस्टेबल सुमित्रा को लगाया गया।

पुलिस टीम के अनुसार, संजना सिसोदिया और बिंदिया सिसोदिया नाम की ये दोनों महिलाएं बेहद चालाक तरीके से अपराध करती थीं और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदलती रहती थीं। ये न तो एक ही जगह लंबे समय तक रहती थीं और न ही परिवार से किसी प्रकार का संपर्क रखती थीं, ताकि पुलिस इनके मूवमेंट का कोई सुराग न जुटा सके। टीम ने इनकी गतिविधियों पर नजर रखते हुए विभिन्न स्थानों पर इनपुट इकट्ठा किए और स्थानीय पुलिस की मदद से दबिश दी।

आखिरकार, दोनों आरोपी महिलाएं—24 वर्षीय संजना पत्नी ऋषि सिसोदिया और 32 वर्षीय बिंदिया पत्नी अजय सिसोदिया, निवासी कड़िया सांसी, थाना बोडा, जिला राजगढ़ (एमपी)—को उनके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया गया। यह वही स्थान था जहाँ वे पिछले कुछ समय से गुप्त रूप से रह रही थीं। पुलिस के अनुसार, इनकी गिरफ्तारी मुश्किल इसलिए रही क्योंकि दोनों महिलाएं फोन या किसी भी संचार साधन का उपयोग नहीं करती थीं।

इससे पहले इस मामले में संजना के पति ऋषि सिसोदिया को गिरफ्तार किया जा चुका था। पुलिस अब दोनों आरोपित महिलाओं से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उन्होंने कहीं और भी इसी तरह की चोरी की वारदातों को अंजाम तो नहीं दिया।

रावतभाटा थाना पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों पर प्रभावी शिकंजा कसने के रूप में देखा जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post