जोधपुर। बोरानाडा थाना पुलिस ने बस स्टैंड क्षेत्र में एक कपड़ों की दुकान पर छापा मारते हुए गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम लिखी कई जैकेट जब्त कर बड़ा खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक दुकान में ऐसी सामग्री खुलेआम बेची जा रही थी और सोशल मीडिया पर उसका प्रचार भी किया जा रहा था, जिससे युवाओं पर गलत प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई थी।
थानाधिकारी शकील अहमद ने बताया कि कार्रवाई के दौरान बिना बिल की कई वस्तुएं भी मिलीं, जिसके बाद दो साझेदार—दवों की ढाणी निवासी नवीन चौधरी और नाहरों की ढाणी निवासी प्रेमाराम चौधरी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के नाम का उपयोग कर उत्पाद बेचना, अपराध जगत की छवि को ग्लैमराइज करने जैसा है, जो समाज के लिए बेहद नुकसानदायक है।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब एक दिन पहले ही कोटपूतली में भी इसी तरह की कार्रवाई हुई थी। वहां सिटी प्लाजा में छापेमारी कर तीन लोगों को पकड़ा गया और उनके कब्जे से 35 जैकेट जब्त की गई थीं।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि बाजारों और सोशल मीडिया पर अपराधियों से जुड़ी सामग्री बेचने या बढ़ावा देने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन का कहना है कि युवा वर्ग को अपराध की ओर मोड़ने वाली हर गतिविधि पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
Tags
Breaking News