राजस्थान में गलन भरी सर्दी, 8 जिलों में शीतलहर का अलर्ट, 15 दिसंबर के बाद मिलेगी राहत
राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। आज भी 8 जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट है। सीकर, चूरू के एरिया में पिछले दो-तीन दिन से लगातार बर्फ जम रही है। गुरुवार को भी यहां पारा जमाव बिंदु के नजदीक दर्ज हुआ। पश्चिमी जिले जैसलमेर, बीकानेर में भी रात के साथ-साथ दिन में सर्दी तेज हो गई। यहां अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक राज्य में अगले दो दिन और तेज सर्दी का प्रकोप रहेगा, जबकि 15 दिसंबर के शीतलहर से राहत मिलेगी और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होगी। पिछले 24 घंटे में सबसे कम तापमान फतेहपुर में दर्ज हुआ। फतेहपुर (सीकर) में सुबह पारा जमाव बिंदु पर पहुंच गया, जिसके कारण यहां खुले एरिया में रखे बर्तनों में रखा पानी जम गया।